भोपाल l भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी श्री सतीश उपाध्याय ने रविन्द्र भवन में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार बुलेट ट्रेन की रफ्तार से कार्य कर रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए हैं, उनमें 40 पूरे हो चुके हैं, 269 वादों पर प्रदेश की भाजपा सरकार कार्य कर रही है। श्री सतीश उपाध्याय ने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में 100 प्रतिशत परिणाम दिया है। जन आकांक्षाओं और जन अपेक्षाओं को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्य बनाया है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की परिकल्पना को साकार कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने कार्यकाल में चुनावी संकल्प-पत्र के 269 वादों पर कार्य किया है। श्री सतीश उपाध्याय ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दलों ने दो नैरेटिव बनाने का कार्य किया था। पहला यह कि भाजपा की सरकार बन गई तो संविधान बदल दिया जाएगा और दूसरा यह कि आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। लेकिन मैं मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं को बहुत धन्यवाद देता हूं कि आप सभी की अथक मेहनत, परिश्रम से मध्यप्रदेश में विपक्षी दलों के इस दुष्प्रचार को जनता को समझाने में सफल हुए और इसका प्रदेश में कोई असर नहीं हुआ।